जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार के पास हुए राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, एक युवती से बातचीत को लेकर चली आ रही रंजिश के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
एसआईटी ने किया मामले का खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेश्याम वाकरीब ने बताया कि 8 जुलाई की शाम हुई हत्या की जांच के लिए सिटी एसपी ललित मीणा की निगरानी तथा एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय को गिरफ्तार किया।
युवती से बातचीत को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल सिंह और मुख्य आरोपी शब्बे के बीच एक युवती से बातचीत को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते शब्बे ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच के अनुसार आरोपियों ने राहुल पर ईंट, पत्थर और डंडों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि राहुल को गोली नहीं लगी थी। हालांकि घटना के दौरान फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शब्बे ने घटना में प्रयुक्त हथियार जवाहर नगर रोड नंबर-14 स्थित जंगल क्षेत्र में छिपाने की जानकारी दी। जब पुलिस उसे हथियार बरामद कराने वहां ले गई, तो उसने झाड़ियों से देसी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शब्बे के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शब्बे, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।

