जमशेदपुर: शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं के बीच बिष्टुपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला से हैंडबैग छीनकर भाग रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

मोदी पार्क के पास दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार घटना 15 मार्च की रात करीब 10 बजे मोदी पार्क गोलचक्कर के पास हुई। बाइक सवार दो युवकों ने धतकीडीह की रहने वाली एक महिला को निशाना बनाते हुए उसका हैंडबैग छीन लिया।

छिनतई के दौरान आरोपियों ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई। टाइगर मोबाइल और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों का पीछा किया गया। कुछ दूरी तक खदेड़ने के बाद दोनों युवकों को पकड़ लिया गया।

बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनतई में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर बाइक, दो मोबाइल फोन, छीना गया हैंडबैग, 1650 रुपये नकद और एक हाथ घड़ी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अलफाक कुरैशी उर्फ बाबू (19) और आशिक अंसारी उर्फ आसु (19) के रूप में हुई है। दोनों सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version