Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुबासा इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोबा मंदिर के पास स्थित एक रिहायशी मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिसमें 85 वर्षीय वृद्ध महिला शोभा मुखर्जी की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 से 3:30 बजे के बीच हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा कमरा लपटों की चपेट में आ गया। उस समय शोभा मुखर्जी कमरे में अकेली सो रही थीं, जबकि उनकी बेटी शोवना मुखर्जी और नाती बगल के कमरे में थे। जलने की गंध और चीख-पुकार सुनकर परिजन जागे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप के सहारे आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी कमरे के भीतर प्रवेश नहीं कर सका। आग की चपेट में आकर छत पर पिंजरे में बंद एक पालतू तोते की भी जलकर मौत हो गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों के कारण वाहन घर तक नहीं पहुंच सके। दमकलकर्मियों को करीब 250 फीट दूर से तीन पाइप जोड़कर पानी पहुंचाना पड़ा, जिससे राहत कार्य में काफी समय लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह चार बजे आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी और घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
सुबह जब आग पूरी तरह शांत हुई, तो घर के भीतर का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। बिस्तर पर वृद्धा का शव पड़ा था और पास ही जला हुआ तोते का पिंजरा मिला। बताया जा रहा है कि मृतका के पति एनएमएल के पूर्व कर्मचारी थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
