जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित दसवीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस वर्ष हजारीबाग की छात्रा प्रियांशु कुमारी ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्हें कुल 500 में से 498 अंक मिले हैं।
दूसरे स्थान पर भी 99.60% अंक
दूसरे स्थान पर शिवांगी कुमारी रहीं, जिन्होंने भी 99.60 प्रतिशत अंक (498) हासिल किए। इस बार 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले कुल चार विद्यार्थी हैं, जिससे टॉप रैंक में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
टॉप-4 में इन छात्रों का नाम
मेरिट सूची में तीसरे स्थान पर प्रेम कुमार साहू और चौथे स्थान पर सन्नी कुमार वर्मा रहे। इन सभी विद्यार्थियों ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
99.20% अंक पाने वाले छात्र
चार विद्यार्थियों ने 496 अंक (99.20%) हासिल किए हैं। इनमें दिव्यांशु उरांव और अखिलेश साहू शामिल हैं, जो गुमला के एक ही विद्यालय से हैं।
टॉप-10 में इनका भी दबदबा
मेरिट सूची में सातवें स्थान पर वैष्णवी श्री और आठवें स्थान पर जूलीटा मिंज रहीं। वहीं, नौवें स्थान पर महताब अंसारी और दसवें स्थान पर प्रीत राज रहे।
इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल का शानदार प्रदर्शन
इस बार हजारीबाग के इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। टॉपर प्रियांशु कुमारी सहित इस विद्यालय की कई छात्राएं मेरिट सूची में शामिल हैं, जिससे स्कूल का परिणाम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है।
जैक बोर्ड ने टॉप 12 छात्रों की मेरिट सूची जारी की है, जिसमें राज्यभर के मेधावी विद्यार्थियों का दबदबा देखने को मिला है।
