रांची: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मंगलवार, 12 अगस्त को सदर अस्पताल रांची के ब्लड बैंक परिसर में राज्यस्तरीय ‘इंटेन्सीफाइड एचआईवी कैंपेन 2026’ और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने एचआईवी संक्रमण की रोकथाम को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
9 जिलों में चलेगा विशेष एचआईवी जागरूकता अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूकता और बचाव सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने सरायकेला और साहिबगंज जिलों में एचआईवी नियंत्रण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के एचआईवी प्रभावित नौ जिलों को चिह्नित कर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने युवाओं से भी एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव, जांच और उपचार को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
15 मिनट में रक्त उपलब्ध कराने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में जल्द ही विशेष एजेंसी के माध्यम से व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत जरूरत पड़ने पर महज 15 मिनट में रक्त उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधा शुरू होने से झारखंड देश के लिए एक उदाहरण बन सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने और रिम्स-2 के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने की बात कही।
एक महीने तक चलेगा सघन जागरूकता अभियान
झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि शुरू किया गया सघन जागरूकता अभियान पूरे एक महीने तक चलेगा। उन्होंने युवाओं को एचआईवी संक्रमण के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि हालिया अध्ययनों के अनुसार नए एचआईवी मामलों में करीब 19 प्रतिशत मरीज 13 से 24 वर्ष की आयु वर्ग के हैं। युवाओं में संक्रमण के बढ़ते मामलों को उन्होंने गंभीर विषय बताया और जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने पर जोर दिया।
स्वैच्छिक रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले लोगों को सम्मानित किया और आम लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों और एएनएम स्कूल की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मंसूर अंसारी, बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला, रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रंजू सिन्हा सहित कई पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और छात्र मौजूद रहे।

