Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला से बरामद युवक के शव मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जंगल में मिला था युवक का शव
जानकारी के अनुसार, 15 जून को काटेपाड़ा के ग्रामीण मुंडा ने जगन्नाथपुर थाना पुलिस को सूचना दी थी कि सुखदेवलंगर नाला के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। देर शाम मृतक की पहचान मुकेश बारजो के रूप में हुई। वह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटामदुलडीहा गांव निवासी पीतम बारजो का लगभग 20 वर्षीय पुत्र था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के ही फंटुस लागुरी के साथ मुकेश बारजो का विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान फंटुस लागुरी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इसी आधार पर मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जताई।
विशेष टीम बनाकर शुरू की गई जांच
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी (35) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
कई अधिकारियों ने संभाली जांच की कमान
पुलिस की इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू, इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास, एसआई विश्वनाथ टेम्ब्रम, एएसआई मनमथो प्रधान, तकनीकी शाखा के एएसआई अभय कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।
