गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत सुरनी पंचायत के घासीचक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय किशन दास शराब के नशे में था। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में अपनी 55 वर्षीय पत्नी रूबी देवी पर गड़ासे से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इलाज के दौरान महिला की मौत

घायल रूबी देवी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि वारदात के समय मृतका अपने दो पोतों लव और कुश के साथ सो रही थीं। आरोप है कि आरोपी ने पहले महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर बच्चों के सामने ही गड़ासे से हमला कर दिया।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

गांव में फैला आक्रोश और दहशत

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी Saurabh Kumar Thakur पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा बरामद कर लिया है।

फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version