बोकारो: जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र स्थित जैनामोड़ बाजार में मंगलवार रात सर्राफा व्यवसायी से हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी रंजीत बरनवाल के साथ मारपीट कर पिस्टल की नोक पर उनके बैग में रखे करीब 1.25 लाख रुपये और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी

जानकारी के अनुसार, जैनामोड़ बाजार स्थित मां आभूषणालय के संचालक रंजीत बरनवाल मंगलवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

सूचना मिलते ही जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, बदमाशों में से एक ने बांस की लाठी से उन पर हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी छाती पर पिस्टल सटा दी और बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में लगभग सवा लाख रुपये नकद के अलावा अन्य जरूरी सामान भी रखा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने के बाद जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही जैनामोड़ के स्थानीय व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। जैनामोड़ व्यवसाय संघ के मनोज सिंह और बांधडीह उत्तरी पंचायत समिति सदस्य कवि शरण बरनवाल ने घटना की निंदा करते हुए बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

व्यापारियों का कहना है कि यदि व्यस्त बाजार क्षेत्र में भी व्यवसायी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version