कोडरमा : कोडरमा में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी तस्करी का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने शहर के सुजानपुर गांव स्थित एसपी आवास के पीछे एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध लकड़ियां बरामद की हैं।

कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों सूरज साव और केवल साव को गिरफ्तार किया गया।

विशेष टीम बनाकर की गई छापेमारी

वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध तरीके से लकड़ियों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।

गोदाम से मिली महंगी प्रजातियों की लकड़ियां

छापेमारी के दौरान मकान के नीचे बने गोदाम से भारी मात्रा में लकड़ी का चिरान पटरा बरामद किया गया। जब्त लकड़ियों में शीशम, सागवान, सखुआ, गमहार और अकेशिया जैसी महंगी प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं।

वन विभाग के अनुसार करीब 13 ट्रैक्टर लकड़ियां जब्त की गई हैं। जब्ती सूची तैयार होने के बाद लकड़ियों की सटीक कीमत सामने आएगी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक जब्त लकड़ियों की कीमत 15 से 20 लाख रुपये के बीच हो सकती है।

जंगलों से अवैध कटाई की आशंका

वन विभाग को आशंका है कि ये लकड़ियां जिले के जंगलों से अवैध कटाई कर लाई गई थीं। फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version