लातेहार: लातेहार जिले के स्टेशन रोड स्थित चटनाही इलाके में संचालित सौम्या मेडिकल क्लीनिक में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध गर्भपात रैकेट का पर्दाफाश किया। नगर पंचायत कर्मियों को क्लीनिक के कचरे में खून से सना भ्रूण का अंग मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

एसडीएम के नेतृत्व में तीन घंटे चली छापेमारी

सूचना मिलते ही एसडीएम दिनेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्लीनिक पर छापेमारी की। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लीनिक के भीतर कई गंभीर अनियमितताएं पाईं।

एक्सपायरी दवाएं, गर्भपात के उपकरण और बेहोशी के इंजेक्शन बरामद

जांच के दौरान क्लीनिक से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं, बेहोशी के इंजेक्शन, गर्भपात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा बिना पंजीकरण मरीजों का इलाज किए जाने से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. विवेक विद्यार्थी ने बताया कि यहां मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा था और भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं एक्सपायरी दवाएं जब्त की गई हैं।

संचालक नहीं दिखा सका कोई वैध दस्तावेज

नगर पंचायत प्रशासक राजीव रंजन द्वारा पूछे जाने पर क्लीनिक संचालक सागर कुमार न तो ट्रेड लाइसेंस प्रस्तुत कर सका और न ही क्लीनिक का वैध पंजीकरण। प्रशासन के अनुसार बिना आवश्यक अनुमति के क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था।

क्लीनिक सील, फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे साक्ष्य

अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया। एसडीएम दिनेश कुमार ने कहा कि मामले में बरामद सभी साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए रांची भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version