धनबाद : काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम गुरुवार सुबह 11 बजे घोषित कर दिए गए। इस वर्ष भी बोर्ड ने अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए तय समय पर नतीजे जारी किए। झारखंड के लिए यह परिणाम खास रहा, जहां धनबाद की दो छात्राओं ने राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
अंशिका मोदी और कोशिकी दत्ता बनीं स्टेट टॉपर
आईसीएसई 10वीं के परिणाम में धनबाद का दबदबा देखने को मिला। अंशिका मोदी, जो कार्मल स्कूल डिगवाडीह की छात्रा हैं, ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड स्टेट टॉपर का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने गणित, रसायन विज्ञान, भूगोल और कंप्यूटर एप्लीकेशन जैसे विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
वहीं कोशिकी दत्ता, डिनोबिली स्कूल डिगवाडीह की छात्रा, ने भी 99 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।
वेबसाइट पर ट्रैफिक, वैकल्पिक तरीके उपलब्ध
रिजल्ट जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। ऐसे में छात्र-छात्राएं एसएमएस और डिजिलॉकर के माध्यम से भी अपना परिणाम देख सकते हैं।
एसएमएस से ऐसे देखें रिजल्ट
इंटरनेट की समस्या होने पर छात्र अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स से भी परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आईसीएसई या आईएससी लिखकर अपनी यूनिक आईडी निर्धारित नंबर पर भेजनी होगी। कुछ ही समय में विषयवार अंक और कुल परिणाम मोबाइल पर प्राप्त हो जाएगा।
डिजिलॉकर पर उपलब्ध डिजिटल मार्कशीट
छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर भी देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए लॉगिन कर संबंधित बोर्ड का चयन करना होगा और रोल नंबर व पासिंग वर्ष दर्ज करना होगा।
वेबसाइट से रिजल्ट देखने की प्रक्रिया
रिजल्ट देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कक्षा का चयन करें, यूआईडी और इंडेक्स नंबर दर्ज करें और सबमिट बटन पर क्लिक करें। इसके बाद परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।

