सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा-डोबो रोड पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
केबिन में फंस गया चालक
मृतक की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सुखिया बस्ती निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई है। वह डंपर लेकर जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरे चालक का चल रहा इलाज
इस हादसे में दूसरे ट्रक का चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
