पलामू: झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। यह घटना पाटन थाना क्षेत्र के गहर पथरा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद तीनों की हालत गंभीर

हादसा इतना भीषण था कि मोपेड सवार तीनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सोले गांव निवासी फरोज अंसारी उर्फ बुटन (11), तोहिद अंसारी (15) और इब्राहिज अंसारी (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फरोज और इब्राहिज आपस में रिश्तेदार थे, जबकि तोहिद उनका पड़ोसी था। तीनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ ही आते-जाते थे।

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों किशोर लूना पर सवार होकर बाजार गए थे। वापसी के दौरान गहर पथरा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घायलों को पहले मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां फरोज और तोहिद को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल इब्राहिज को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई।

आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक और अन्य सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version