लोहरदगा : झारखंड के नेशनल हाईवे-39 पर कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

तेज टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब लदा मालवाहक 407 वाहन रांची की ओर से कुड़ू की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कुड़ू से रांची जा रही स्कूटी को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

हादसे में घायल एक महिला को गंभीर हालत में लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-39 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम को हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया।

5 घायल, इलाज जारी

इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें मालवाहक वाहन, स्कूटी और एक कार शामिल है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version