हजारीबाग जिले के चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर संख्या बीआर 52 जी 7513 बिहार शरीफ से ईंट लेकर रांची की ओर जा रहा था। सुबह करीब छह बजे जब वाहन चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे में कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
चाय पीने के दौरान हुआ हादसा
दुर्घटना की चपेट में आया ट्रक संख्या यूपी 83 बीटी 4773 प्लास्टिक दाना लेकर पानीपत से विशाखापत्तनम जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक चाय पीने के लिए प्रकाश होटल के पास वाहन खड़ा कर रुका हुआ था।
इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी हादसे की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भी भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रेलर में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कुछ देर तक बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद एनएच पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया।

