रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचनाओं, रखरखाव, आधुनिक उपकरणों, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध खेल सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शूटिंग रेंज की बदहाल स्थिति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती : मुख्यमंत्री
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों की व्यवस्था की जाए, ताकि वे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें।
समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे समयबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से दीर्घकालिक रणनीति के तहत राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने और शूटिंग रेंज को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप विकसित करने पर भी जोर दिया।
शूटिंग राइफल से साधा निशाना, खिलाड़ियों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा। इसके बाद उन्होंने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट की मॉक ड्रिल की जानकारी भी ली तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने और पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
