रांची : साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह से ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद विभिन्न जिलों में बारिश शुरू हो गई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली।

शनिवार सुबह राजधानी रांची में मौसम ने एक बार फिर अचानक रुख बदला। आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।

राज्यभर में बारिश, तापमान में आई बड़ी गिरावट

झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई है। इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार बोकारो में करीब 25 मिमी और रांची में लगभग 15 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बारिश के कारण रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 8.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं मेदिनीनगर में 6.5 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान कम हुआ है। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों को लंबे समय बाद भीषण गर्मी से राहत मिली है।

रांची समेत 13 जिलों में आंधी और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को रांची समेत 13 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

रविवार के लिए भी पूरे राज्य में तेज हवा, मेघ गर्जन, बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।

2 जून तक बारिश के बने रहेंगे आसार

मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जून के दौरान झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय रहने से आने वाले कुछ दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहाना बना रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version