रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में शनिवार देर शाम अचानक तेज हवा, गर्जन और बारिश शुरू हो गई। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिली। बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग ने राज्यभर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 10 से 15 मई तक झारखंड के विभिन्न जिलों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवा, वज्रपात और गर्जन की चेतावनी भी जारी की गई है।

रविवार को भी बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी राज्य में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

दोपहर बाद मौसम अचानक बदल सकता है और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।

लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रांची समेत कई जिलों में बारिश

शनिवार दोपहर बाद राजधानी रांची के आसमान में बादल छाने लगे थे। रात करीब सात बजे अचानक तेज हवा चली और उसके बाद गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। रांची में करीब चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, मेदिनीनगर और जमशेदपुर समेत कई जिलों में देर रात तक तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

मौसम में बदलाव के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया। शनिवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

दूसरी ओर बोकारो में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version