सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव में शनिवार की भोर करीब चार बजे एक 22 वर्षीय युवती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान जेबा परवीन (22 वर्ष), पिता मोहम्मद हुसैन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर में घुसकर वारदात, आरोपी फरार

जानकारी के अनुसार, हमलावर ने भोर के समय घर में घुसकर जेबा परवीन को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

प्रेम प्रसंग में हत्या का शक

कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जो उससे शादी का दबाव बना रहा था।

घरवालों द्वारा इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किए जाने और शादी से इनकार के बाद विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि युवक पिछले कुछ दिनों से लगातार युवती के घर आ-जा रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था।

इनकार के बाद उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि जब जेबा परवीन ने भी शादी से इनकार कर युवक को घर आने से मना कर दिया, तो आरोपी गुस्से में आ गया। इसके बाद शनिवार तड़के करीब चार बजे उसने घर में घुसकर गोली मार दी।

घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version