गुमला: रांची के खेलगांव में आयोजित तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में दो पदक जीतकर गुमला का नाम रोशन करने वाली कैडेट ताशा झा को बुधवार को गुमला जिला प्रशासन ने सम्मानित किया।

एकलव्य राइफल शूटिंग क्लब, रांची की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली ताशा झा ने .22 राइफल 25 मीटर जूनियर महिला प्रोन स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

डीसी ने दी बधाई, बताया प्रेरणास्रोत

इस उपलब्धि पर गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने ताशा झा को सम्मानित करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ताशा की इस उल्लेखनीय सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गुमला जिले का गौरव बढ़ाया है।

उपायुक्त ने कहा कि ताशा झा की उपलब्धि जिले के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगी।

एनसीसी कैडेट और डीएवी गुमला की पूर्व छात्रा हैं ताशा

ताशा झा वर्तमान में 46 झारखंड बटालियन एनसीसी की सीनियर विंग कैडेट हैं। वह डीएवी पब्लिक स्कूल, गुमला की पूर्व छात्रा भी हैं।

उनकी इस सफलता से जिले के खेल प्रतिभाओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला प्रशासन ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version