रामगढ़ में हुआ सम्मान, साइकिल यात्रा से दे रहीं प्रेरणा
रामगढ़ में साइकिल से भारत भ्रमण पर निकली राष्ट्रीय एथलीट आशा मालवीय का रविवार को भव्य स्वागत किया गया। जिले के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने उन्हें सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके साहस, समर्पण तथा उपलब्धियों की सराहना की।
महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर कर रहीं देश भ्रमण
आशा मालवीय महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश लेकर राष्ट्रीय स्तर के साइक्लिंग अभियान पर निकली हैं। इस अभियान के तहत वह अब तक हजारों किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुकी हैं।
उन्होंने 11 जनवरी को जयपुर से अपनी यात्रा की शुरुआत की थी और अब तक करीब 5200 किलोमीटर का सफर तय कर लिया है। उनका लक्ष्य कुल 7800 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अरुणाचल प्रदेश पहुंचना है।
सीमित संसाधनों के बावजूद बनाई राष्ट्रीय पहचान
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक छोटे से गांव की रहने वाली आशा मालवीय ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। वह 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ की राष्ट्रीय एथलीट भी रह चुकी हैं।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
आशा मालवीय का यह अभियान देशभर के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। उनके इस प्रयास को सराहते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनका यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
