रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य में अपने कार्यकाल के सफल दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर रांची स्थित लोक भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों तथा लोक भवन परिवार के सदस्यों ने राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं।

जनता के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में झारखंड के राज्यपाल के रूप में सेवा करने का अवसर उनके सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय रहा है।

उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संवैधानिक दायित्वों और मर्यादाओं का पूरी निष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने का निरंतर प्रयास किया है।

महान विभूतियों को किया नमन

अपने संबोधन में राज्यपाल ने झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, नीलाम्बर-पीताम्बर तथा ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव को नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने राज्यपाल के दो वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version