रांची : झारखंड में खेलों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल तेज होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में खेलों के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों में झारखंड के खिलाड़ियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और राज्य की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति और खेल संरचना पर चर्चा

बैठक के दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति, जिला और राज्य स्तर पर खेल आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा खेल प्रतिभाओं की पहचान जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। साथ ही खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही वैज्ञानिक और खेल-विशिष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

डॉ मधुकांत पाठक ने मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षकों की उपलब्धता और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास का मुद्दा भी रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड ओलंपिक संघ खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

“गुरुजी स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब” की स्थापना पर मंथन

बैठक में “गुरुजी स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब” की स्थापना को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। इस पहल का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियों से जोड़ना बताया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version