रांची: भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण में झारखंड की राजधानी रांची को पहली बार मेजबानी का अवसर मिला है। डूरंड कप 2026 के तहत रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलावा एक क्वार्टर फाइनल मैच का आयोजन भी रांची में होगा।

पांच शहरों में होगा डूरंड कप का आयोजन

डूरंड कप आयोजन समिति ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 24 टीमों और पांच मेजबान शहरों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष मुकाबले कोलकाता, रांची, इंफाल, गुवाहाटी और शिलांग में आयोजित किए जाएंगे। पहली बार मेजबान शहरों की सूची में शामिल होकर रांची ने देश के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

जमशेदपुर एफसी पर रहेंगी निगाहें

रांची में खेले जाने वाले मुकाबलों में जमशेदपुर एफसी फुटबॉल प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होगी। इसके अलावा स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की डिफेंडर्स एफसी भी अपने मुकाबले खेलेंगी। इससे झारखंड के दर्शकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों का खेल अपने शहर में देखने का अवसर मिलेगा।

बिरसा मुंडा स्टेडियम के नाम एक और उपलब्धि

बिरसा मुंडा स्टेडियम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर चुका है। अब डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी के साथ रांची के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इस आयोजन से राज्य में फुटबॉल को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

डूरंड कप 2026 की शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version