जामताड़ा: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने मंगलवार को पद्म भूषण सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जामताड़ा में आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन दिशोम गुरु के संघर्ष, विचारों और जनसेवा की विरासत को समर्पित है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल, ज़मीन, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और पृथक झारखंड राज्य के निर्माण के महान आंदोलन को समर्पित किया।

संघर्ष और जनसेवा की विरासत को किया याद

रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि दिशोम गुरु का अद्वितीय त्याग, अटूट संघर्ष और जनसेवा का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान और अधिकारों की लड़ाई में शिबू सोरेन का योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version