पलामू : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप में साझेदारी दिलाने के नाम पर एक करोड़ 32 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने दो भाइयों पर धोखाधड़ी, विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का दिया गया था प्रस्ताव

हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दंगवार गांव निवासी सतीश कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनकी जमीन पर मां फ्यूल सेंटर नामक पेट्रोल पंप संचालित है। इसके अलावा टाटा कंपनी के एक टैंकर से भी उनका जुड़ाव है।

आवेदन के अनुसार, बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कौनौली गांव निवासी सरोज सिंह और उनके भाई मनोज सिंह ने उन्हें सासाराम में खरीदे जा रहे एक पेट्रोल-डीजल पंप में साझेदारी का प्रस्ताव दिया था। दोनों ने दावा किया कि साझेदार बनने के लिए 70 लाख रुपये निवेश करने होंगे।

तीन बैंक खातों में भेजे 70 लाख रुपये

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों के भरोसे में आकर उन्होंने उनके बताए गए तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल 70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 2 मार्च 2024 को दोनों पक्षों के बीच एक एग्रीमेंट भी तैयार किया गया।

सतीश कुमार सिंह का कहना है कि समझौते के बाद वह पेट्रोल पंप के संचालन और अन्य कार्यों से भी जुड़ गए थे।

बैंक मामले का हवाला देकर मांगे गए और रुपये

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुछ समय बाद दोनों भाइयों ने बताया कि वे बैंक से जुड़े एक मामले में फंस गए हैं और स्थिति संभालने के लिए उन्हें अतिरिक्त 70 लाख रुपये की आवश्यकता है। इसके बदले पेट्रोल पंप और टैंकर उनके नाम स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया।

कुल 1.32 करोड़ रुपये देने के बाद भी नहीं मिली हिस्सेदारी

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों की बातों पर भरोसा करते हुए उन्होंने अतिरिक्त 62 लाख रुपये भी उनके खातों में भेज दिए। इस तरह कुल एक करोड़ 32 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

हालांकि, पूरी राशि लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें साझेदारी से अलग कर दिया। जब उन्होंने अपनी हिस्सेदारी या निवेश की गई राशि वापस मांगी तो पहले टालमटोल की गई और बाद में एग्रीमेंट को मानने से ही इनकार कर दिया गया।

रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप

सतीश कुमार सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगने का प्रयास किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत हुसैनाबाद थाना में दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की सत्यता और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version