चाईबासा : झारखंड के चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ रूटुगुटू के घने जंगलों में चल रही है, जो नक्सल प्रभावित इलाका माना जाता है।

जानकारी के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, इसी दौरान माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलीबारी होने लगी।

सुबह से जारी है रुक-रुक कर फायरिंग

सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे जवान जंगल के अंदर पहुंचे, जहां माओवादियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण सुरक्षाबल सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जबकि माओवादी पेड़ों और पहाड़ियों की आड़ लेकर जवाबी फायरिंग कर रहे हैं।

सघन तलाशी अभियान शुरू

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को घेर लिया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जा सकता है।

माओवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत

हाल के दिनों में गोइलकेरा क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन के कई दस्ते सारंडा और आसपास के इलाकों में सक्रिय हैं।

कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में बढ़ी चिंता

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि माओवादी सारंडा जंगल से निकलकर कोल्हान क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को देखते हुए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पूरे इलाके में हाई अलर्ट

घटना के बाद टोंटो, गोइलकेरा और आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों को हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version