रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेतृत्व में मंगलवार को रांची में हजारों युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए JPSC कार्यालय की ओर कूच करने लगे, जिससे इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। JPSC कार्यालय जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने कई बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ने की कोशिश की।
मौके पर तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भारी भीड़ के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार झारखंड सरकार और JPSC के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
युवाओं का आरोप है कि 14वीं JPSC परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है। इसी के विरोध में उन्होंने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

