रांची : झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.4 डिग्री अधिक रहा।

वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का 41.1 डिग्री और चाईबासा का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में तेज गर्मी और बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप और गर्मी का असर रहेगा। हालांकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दोपहर बाद बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मेदिनीनगर में पारा 45 डिग्री के पार

मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान गुरुवार को 45.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 मई को गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू चलने की संभावना है।

स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर

लगातार बढ़ती गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

उन्होंने लोगों को दोपहर के समय जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

अस्पतालों में विशेष तैयारी

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में ORS काउंटर, जरूरी दवाइयां, आइवी फ्लूइड्स, आपातकालीन बेड और कूलिंग सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा चिकित्सकीय टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version