चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस एनकाउंटर में 1 से 2 नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि Porahat Forest इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान घने जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
तड़के साढ़े छह बजे शुरू हुई मुठभेड़
सूत्रों के अनुसार कोबरा 209 बटालियन के जवान पिछले दो दिनों से सोनुवा और गोईलकेरा थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार तड़के करीब 6:30 बजे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का नक्सलियों से सामना हो गया।
इसके बाद दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एसपी ने की पुष्टि, इलाके में हाई अलर्ट
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी Amit Renu ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इलाके में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पूरे सारंडा और पोड़ाहाट क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा बल जंगल में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि भागे हुए नक्सलियों का पता लगाया जा सके।
मिसिर बेसरा के नेतृत्व में सक्रिय नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक इलाके में माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में नक्सली अब भी सक्रिय हैं। हाल ही में एक पूर्व नक्सली की हत्या के बाद संकेत मिले थे कि नक्सली अपनी गतिविधियां कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्र में बढ़ा रहे हैं।
