सरायकेला-खरसावां: जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकरू प्रखंड के सापारुम गांव में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 55 वर्षीय राधा तंतुबाई के रूप में हुई है।

घर के बाहर हुआ हमला, मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया। उस समय राधा तंतुबाई अपने घर के बाहर थीं। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

वन विभाग पर ग्रामीणों का आरोप

ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली हाथियों का आना-जाना लगा रहता है, जिसकी जानकारी कई बार विभाग को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

नहीं मिल रही सुरक्षा सुविधाएं

ग्रामीणों का कहना है कि पहले गांव में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टॉर्च दी गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। साथ ही, हाथियों को भगाने के लिए पहले पटाखे भी उपलब्ध कराए जाते थे, लेकिन अब कई वर्षों से यह सुविधा बंद है।

इसके अलावा गांव में स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे रात में हाथियों की गतिविधि का पता लगाना मुश्किल हो जाता है।

मुआवजा और आगे की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतका के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता दी। वहीं, शेष 3.5 लाख रुपये का मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने की बात कही गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में स्थायी रूप से हाथी नियंत्रण दल की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version