पलामू : पलामू जिले में भीषण गर्मी और अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोग लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

जरूरत 132 मेगावाट, मिल रही सिर्फ 97 मेगावाट बिजली

बिजली विभाग के अनुसार पलामू जिले को औसतन 132 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में केवल 97 मेगावाट बिजली की आपूर्ति हो रही है।

डालटनगंज डिवीजन को 85 मेगावाट की जरूरत है, जबकि यहां केवल 65 मेगावाट बिजली मिल रही है। वहीं छतरपुर डिवीजन में 32 मेगावाट की जगह 17 मेगावाट और हुसैनाबाद डिवीजन में 15 मेगावाट बिजली आपूर्ति की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक परेशानी

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर बनी हुई है। यहां लोगों को प्रतिदिन केवल 12 से 14 घंटे बिजली मिल पा रही है, वह भी अनियमित तरीके से। आंधी और तूफान के बाद कई घंटों तक बिजली बाधित रहती है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक बिजली संकट रहता है, क्योंकि उस समय शहरी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाती है।

किसान और व्यवसायी भी प्रभावित

नियमित बिजली नहीं मिलने से किसानों को खेतों में पटवन करने में परेशानी हो रही है। मोटर नहीं चल पाने के कारण सब्जी उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।

वहीं व्यवसायियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। होटल, रेस्टहाउस और एसी-कूलर की बढ़ती संख्या के कारण बिजली खपत में काफी बढ़ोतरी हुई है।

बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान

लगातार गर्मी और उमस के कारण बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बिजली नहीं रहने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

जैन मंदिर रोड निवासी अमरनाथ सोनी ने कहा कि इस बार की गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।

बिजली विभाग ने बताई वजह

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है, जिससे ट्रांसफार्मर और सिस्टम पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने की कोशिश की जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ परेशानी बनी हुई है। साथ ही उन्होंने लोगों से ट्रांसफार्मर के नीचे कूड़ा रखकर आग नहीं लगाने की अपील की, क्योंकि इससे बिजली तार जल जाते हैं और आपूर्ति बाधित होती है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version