रांची: साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में 3 मिमी, जगन्नाथपुर में 13 मिमी, जमशेदपुर में 4 मिमी, खूंटी में 5 मिमी, देवघर में 2 मिमी, कोडरमा में 7 मिमी और हजारीबाग में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। देर रात भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहा।
इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की गई है।
24 घंटे में हजारीबाग में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 139.2 मिमी वर्षा हजारीबाग में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लोहरदगा में 112 मिमी, कांके में 80.2 मिमी और जामताड़ा में 56 मिमी बारिश हुई।
दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन का दिख रहा असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मॉनसून का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन रोहतक, हरदौल, वाराणसी, मेदिनीनगर, पुरुलिया और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। वहीं दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर झारखंड, बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल की ओर सक्रिय है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
सामान्य से 33 प्रतिशत कम हुई बारिश
एक जून से 20 जुलाई तक झारखंड में सामान्य से 33 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य वर्षापात 319.8 मिमी होना चाहिए था, जबकि अब तक केवल 261.4 मिमी बारिश हुई है।
राजधानी रांची में भी सामान्य से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। यहां सामान्य वर्षापात 406.4 मिमी के मुकाबले अब तक 331.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 33.4 डिग्री सेल्सियस और मेदिनीनगर का 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
