रांची: छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की ओर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के मुड़ने के कारण झारखंड में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा। हालांकि, शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी रांची में करीब तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, 2 अगस्त को रांची सहित राज्य के कुछ जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राज्य में अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में झारखंड में सामान्य रूप से 508.2 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 376.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब तक 26 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

जिलों की बात करें तो पश्चिमी सिंहभूम में सबसे बेहतर स्थिति है, जहां सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं, रांची में अब तक 16 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। सबसे कम बारिश वाले जिलों में गढ़वा, चतरा, देवघर, पाकुड़ और कोडरमा शामिल हैं।

1 से 4 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा बना रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से गरज-चमक और वज्रपात के समय खुले स्थानों में जाने से बचने, पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली के खंभों व अन्य विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version