धनबाद: अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार तड़के धनबाद में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान शुरू किया। ईडी की टीमों ने 25 से अधिक संदिग्ध कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे कोयलांचल क्षेत्र के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कथित तौर पर कोयला कारोबारी एल.बी. सिंह और अनिल गोयल से जुड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की जा रही है। ईडी की अलग-अलग टीमें भारी सुरक्षा बल के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

ईडी की कार्रवाई जिन लोगों तक पहुंची, उनमें माधव सिंह, गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान, आलोक समेत कई अन्य कारोबारी शामिल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने एक साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और संबंधित दस्तावेजों को खंगाला।

रणजीत सिंह के घर सीढ़ी लगाकर पहुंची टीम

सूत्रों के अनुसार, ईडी की एक टीम एल.बी. सिंह के साले रणजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची। बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में घर का मुख्य दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद अधिकारियों ने सीढ़ी की मदद से घर के अंदर प्रवेश कर तलाशी अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एल.बी. सिंह के आवास पर हुई कार्रवाई के दौरान दरवाजा बंद किए जाने की चर्चा सामने आई थी।

हरेंद्र चौहान के आवास पर भी छापेमारी

ईडी की कार्रवाई की जद में धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई और झामुमो धनबाद महानगर के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान का आवास भी शामिल रहा। लोयाबाद के कनकनी स्थित उनके घर पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से पहुंची ईडी की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया।

कुछ स्थानों पर विरोध, जांच जारी

छापेमारी के दौरान कुछ स्थानों पर ईडी अधिकारियों को विरोध का भी सामना करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि सुरक्षा बलों की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही।

फिलहाल ईडी की जांच जारी है। एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से बरामदगी या कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version