रांची: झारखंड पहली बार देश के प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रहा है। इस संबंध में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान और डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़ी तैयारियों, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डूरंड कप का आयोजन आगामी 26 जुलाई से शुरू होने की संभावना है।
इस अवसर पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
झारखंड के लिए गौरव का विषय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डूरंड कप देश का सबसे ऐतिहासिक और गौरवशाली फुटबॉल टूर्नामेंट है। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की पहचान लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। डूरंड कप जैसे बड़े आयोजन राज्य के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा देंगे और उन्हें अपने कौशल का प्रदर्शन करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएंगे।
समयबद्ध तरीके से पूरी हों सभी तैयारियां
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टूर्नामेंट से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, अधिकारियों और खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, आवास, परिवहन और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि प्रतियोगिता का सफल और सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।
खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों को झारखंड में आयोजित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डूरंड कप के आयोजन से न केवल राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

