रांची: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की पहली बार मेजबानी कर रही राजधानी रांची फुटबॉल के रंग में रंग गई है। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार से ग्रुप-सी के मुकाबलों की शुरुआत होगी। उद्घाटन मैच में जमशेदपुर एफसी का सामना श्रीलंका की आर्मी टीम (डिफेंडर एफसी) से होगा।
शाम 5 बजे शुरू होगा उद्घाटन मुकाबला
आयोजकों के अनुसार, उद्घाटन मुकाबला शाम 5:00 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले दोपहर 3:50 बजे से 4:50 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें झारखंड की समृद्ध लोक और जनजातीय संस्कृति की झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।
स्टेडियम की सभी तैयारियां पूरी
उद्घाटन मुकाबले को लेकर बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं।
पहली बार रांची को मिली मेजबानी
डूरंड कप के 135वें संस्करण की पहली बार मेजबानी मिलने से रांची और झारखंड के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजन से राज्य में फुटबॉल को नई पहचान मिलने के साथ खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
