रांची: राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। डूरंड कप के 135वें संस्करण के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में मुकाबले आयोजित होंगे। टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे और सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
सुरक्षा, सफाई और खिलाड़ियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। सचिव ने मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश भी दिए।
रांची नगर निगम को स्टेडियम और उसके आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया।
18 जुलाई को निकलेगा डूरंड कप ट्रॉफी टूर
टूर्नामेंट को लेकर आम लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना की ओर से 18 जुलाई 2026 को रांची में डूरंड कप ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ट्रॉफी को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, झारखंड खेल प्राधिकरण, पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों को समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सरकार का मानना है कि रांची में डूरंड कप का आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को नई पहचान देगा और युवाओं के बीच फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
