रांची: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 को लेकर राजधानी रांची में उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में शनिवार को डूरंड कप की चमचमाती ट्रॉफी रांची पहुंचेगी। ट्रॉफी टूर के दौरान इसे शहर के प्रमुख स्थानों पर आम लोगों के दर्शन और फोटो सेशन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। फुटबॉल प्रेमी ट्रॉफी के साथ सेल्फी लेकर इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का हिस्सा बनने का विशेष अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

ट्रॉफी टूर का पूरा कार्यक्रम

आयोजन समिति के अनुसार ट्रॉफी शनिवार को दोपहर 3:30 बजे न्यूक्लियस मॉल पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4:30 बजे मोरहाबादी मैदान, 5:30 बजे फिरायालाल चौक और 6:30 बजे सुजाता चौक पर आम लोगों के लिए प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद ट्रॉफी दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के लिए रवाना होगी।

मोरहाबादी मैदान, फिरायालाल चौक और सुजाता चौक पर फुटबॉल प्रेमियों के लिए विशेष प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति को इन स्थानों पर बड़ी संख्या में युवाओं और खेल प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण

इस वर्ष भी डूरंड कप के मुकाबले रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। ट्रॉफी टूर का उद्देश्य शहरवासियों के बीच टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ाना और अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक आकर्षित करना है।

रांची की समृद्ध फुटबॉल परंपरा और खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए डूरंड कप ट्रॉफी टूर इस बार शहर का प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version