रांची: राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण एयर इंडिया और इंडिगो की तीन उड़ानें घंटों विलंबित रहीं। विमानों में आई तकनीकी समस्या के चलते एयरपोर्ट पर ही मरम्मत का कार्य किया गया, जिसके बाद उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को लंबे इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयर इंडिया विमान का टायर बदला गया
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से रांची पहुंचने वाली एयर इंडिया की उड़ान शाम करीब 4 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। जांच के दौरान विमान के एक पहिए में हवा का दबाव कम पाया गया। इसके बाद दिल्ली से नया टायर मंगाया गया और उसे बदलने के बाद विमान को रात 9:35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना किया गया। तकनीकी खराबी के कारण विमान करीब चार घंटे विलंब से उड़ान भर सका।
इंडिगो की दो उड़ानें भी प्रभावित
दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की एक उड़ान भी तकनीकी खराबी के कारण लगभग पांच घंटे देरी से रवाना हुई। आवश्यक उपकरण दिल्ली से मंगवाए गए, जिसके बाद विमान की मरम्मत कर रात 9:40 बजे उसे उड़ान की अनुमति दी गई।
इसके अलावा, सुबह कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो की एक अन्य उड़ान में भी तकनीकी समस्या सामने आई, जिससे उसका परिचालन प्रभावित हुआ।
कोलकाता-रांची उड़ान रद्द, रायपुर डायवर्ट
तकनीकी कारणों से देर रात कोलकाता से रांची आने वाली एक उड़ान को रद्द कर दिया गया और उसे रायपुर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करने के कारण यात्रियों ने नाराजगी जताई। बाद में एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों को अन्य उड़ानों और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की।

