पतरातू : झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी 35 वर्षीय कमल किशोर महतो का शव मंगलवार सुबह घर के पास पहाड़ी पर एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
बेंगलुरु में डीआरडीओ में थे कार्यरत
जानकारी के अनुसार Defence Research and Development Organisation में कार्यरत कमल किशोर महतो की पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।
परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और अक्सर नींद नहीं आने की बात कहते थे। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते देखा गया था।
रात में घर से निकले, सुबह मिला शव
परिजनों ने बताया कि रात करीब दो बजे जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमल किशोर महतो अपने बिस्तर पर नहीं थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
मंगलवार सुबह घर के पास स्थित पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव झूलता मिला। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। एक बेटे की उम्र छह वर्ष जबकि दूसरे की उम्र चार वर्ष बताई गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
