धनबाद: धनबाद के नावाडीह इलाके में स्थित बिरसा मुंडा पार्क के पास महाकेश्वर कॉम्पलेक्स में संचालित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा पत्र क्लिनिक के आईसीयू के बाहर चिपका हुआ मिला, जिससे डॉक्टर और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।

यह घटना 9 फरवरी की रात की बताई जा रही है। सबसे पहले क्लिनिक के कर्मचारी असलम की नजर इस पत्र पर पड़ी, जिसके बाद उसने इसकी तस्वीर लेकर व्हाट्सऐप के माध्यम से डॉक्टर को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे और स्वयं पत्र को देखा।

डॉ. मिहिर के अनुसार, पत्र में गोली मारने और हत्या की धमकी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि पुलिस से संपर्क करने पर भी जान नहीं बचेगी। पत्र के अंत में अंग्रेजी में “kill” शब्द भी लिखा हुआ पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि धमकी गंभीर और सुनियोजित है।

डॉ. मिहिर कुमार ने इस मामले में धनबाद थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह घटना रंगदारी से जुड़ी हो सकती है। साथ ही उन्होंने अपने और क्लिनिक कर्मियों की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही दोषी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version