धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित गोपालिचक में बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग माइंस में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सीनियर सुपरवाइजर रामस्वरूप चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक रामस्वरूप चौहान गोधर इलाके के निवासी थे। परिजनों के अनुसार वे रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद कंपनी की ओर से सूचना मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन वहां पहुंचने पर परिजनों को उनका शव सौंप दिया गया।

भारी वाहन से कुचलकर मौत

जानकारी के अनुसार माइंस के अंदर कार्य के दौरान एक वोल्वो भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माइंस में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। धूल के कारण दृश्यता कम रहती है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

जांच शुरू, कंपनी ने दिया आश्वासन

कंपनी इंचार्ज श्री राम पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। वहीं पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन हर बार मुआवजा देकर मामले को शांत कर दिया जाता है और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version