धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए गैस कटर सिलेंडर विस्फोट ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आधी रात धमाके से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, घटना आधी रात के करीब हुई, जब मुनीडीह इलाके में 8 से 10 लोग मौजूद थे। अचानक गैस कटर सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विस्फोट के बाद जहरीली गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
इलाज के दौरान दो की मौत
हादसे के बाद घायलों को तुरंत SNMMCH Hospital ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल चार लोगों में से संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दम घुटने से बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, संजय यादव देर रात घर लौटे थे और उन्हें अचानक सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। उनकी हालत तेजी से बिगड़ी और मुंह से झाग निकलने लगा। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या लापरवाही को विस्फोट का कारण माना जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वहां किस प्रकार का काम किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
