रांची: राजधानी रांची में कैब ड्राइवरों की हड़ताल के बीच अब रैपिडो बाइक राइडर्स भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर उतर आए हैं। शुक्रवार को सैकड़ों राइडर्स ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए किराया बढ़ाने और कमीशन कम करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें मिलने वाले किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। वहीं, पेट्रोल की कीमत, बाइक की सर्विसिंग और अन्य दैनिक खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा किराया उनकी लागत की तुलना में काफी कम है, जिससे आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है।

बेस फेयर और प्रति किलोमीटर किराया बढ़ाने की मांग

राइडर्स के अनुसार, वर्तमान में तीन किलोमीटर तक की सवारी के लिए उन्हें 15 रुपये का बेस फेयर मिलता है। इसके बाद प्रति किलोमीटर 5 रुपये का भुगतान किया जाता है।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि बेस फेयर बढ़ाकर 25 रुपये किया जाए और प्रति किलोमीटर का किराया 8 रुपये निर्धारित किया जाए। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और परिचालन लागत को देखते हुए किराया संशोधित किया जाना आवश्यक है।

कंपनी का कमीशन घटाने की भी मांग

राइडर्स ने कंपनी द्वारा लिए जाने वाले 30 से 35 प्रतिशत कमीशन को भी अधिक बताया। उन्होंने मांग की कि इसे घटाकर 20 प्रतिशत किया जाए, ताकि उनकी आय में सुधार हो सके।

राइडर्स का कहना है कि वे दिन-रात यात्रियों को सुरक्षित और समय पर सेवा उपलब्ध कराते हैं। इस दौरान उन्हें कई बार जोखिम का भी सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद उनकी आय लगातार घट रही है। उनका आरोप है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों, महंगाई और कंपनी की नीतियों का सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ा है।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारी राइडर्स ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। राजधानी में पहले से चल रही कैब चालकों की हड़ताल के बीच रैपिडो राइडर्स के प्रदर्शन से यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version