रांची: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री से मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग की है।

गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विधानसभा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जयसवाल और प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने संयुक्त रूप से सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

“सीबीआई जांच से ही सच आएगा सामने”

नवीन जयसवाल ने कहा कि 12 अप्रैल को हुई उत्पाद सिपाही परीक्षा में पेपर लीक की घटना कोई पहली बार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आयोजित अधिकांश परीक्षाएं विवादों में रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार पारदर्शिता चाहती है और युवाओं को निष्पक्ष न्याय देना चाहती है, तो उसे बिना विलंब सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

परीक्षा से पहले ही लीक की चर्चा

जयसवाल ने दावा किया कि परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों के बीच व्हाट्सएप समूहों में पेपर लीक की बातें फैलने लगी थीं। उन्होंने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन की हड़बड़ी किसी बड़े गड़बड़ी की ओर संकेत करती है।

गिरफ्तारी और विरोधाभासी बयान पर सवाल

उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले तमाड़ क्षेत्र से 179 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके साथ एक कथित गिरोह का सरगना भी पकड़ा गया। इस मामले में पुलिस और प्रशासन के बयानों में विरोधाभास होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

एजेंसी चयन पर भी उठे सवाल

भाजपा नेताओं ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के चयन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक नई और विवादित एजेंसी को परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई, जबकि अन्य राज्यों में उस पर कार्रवाई हो चुकी है।

सभी विवादित परीक्षाओं की जांच की मांग

प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने कहा कि केवल उत्पाद सिपाही परीक्षा ही नहीं, बल्कि पिछले तीन वर्षों में हुई सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं होने की बात भी कही।

उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।

आंदोलन की चेतावनी

भाजपा ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

इस प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version