गुमला : गुमला शहरी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब उरांव छात्रावास के समीप एक बिल्डिंग की छत से एक युवक का शव बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मृतक की पहचान बिशुनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ा गांव निवासी बिफैया खेरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। हालांकि पिछले कई दिनों से वह गुमला में रह रहा था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है और लोग युवक की मौत को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जता रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version