रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी इलाके में सोमवार देर रात एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच के बाद मृतक की पहचान धुर्वा सेक्टर-3 स्थित थेथरकोचा निवासी 35 वर्षीय सूरज नायक के रूप में हुई है। वह दिलीप नायक का पुत्र बताया गया है।

घटनास्थल के पास लावारिस मिला ऑटो

पुलिस को घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक ऑटो लावारिस अवस्था में मिला है। प्रारंभिक आशंका है कि यह ऑटो मृतक का हो सकता है। ऑटो मिलने के बाद मामले को और भी गंभीरता से जांचा जा रहा है।

हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच

पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

मामले की जांच के तहत पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों पर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version