रांची : रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को अचानक सदर अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीसी के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

डीसी ने इमरजेंसी वार्ड, सिक्योरिटी रूम और किचन-कैटरिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कई व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। खासकर अस्पताल के किचन में गंदगी और खराब साफ-सफाई देखकर डीसी ने संबंधित एजेंसी को फटकार लगाई।

किचन की व्यवस्था पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान डीसी अस्पताल के किचन तक पहुंचे, जहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने किचन संचालित करने वाले कर्मियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मरीजों से सीधे सुनी समस्याएं

इसके बाद उपायुक्त अस्पताल के एंट्री गेट के पास बने वेटिंग रूम पहुंचे और वहां मौजूद मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि इलाज सही तरीके से मिल रहा है या नहीं और अस्पताल में किस प्रकार की दिक्कतें आ रही हैं।

ओपीडी में इलाज कराने आई दो महिला मरीजों ने डीसी को बताया कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं अस्पताल की डिस्पेंसरी में उपलब्ध नहीं रहती हैं, जिसके कारण उन्हें बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।

खुद डिस्पेंसरी पहुंचकर की जांच

मरीजों की शिकायत सुनने के बाद डीसी ने तत्काल एक महिला मरीज की पर्ची ली और खुद डिस्पेंसरी पहुंच गए। जांच के दौरान पर्ची में लिखी गई दवा उपलब्ध नहीं मिली। यह देखकर डीसी काफी नाराज हो गए।

उन्होंने मौके पर ही डिस्पेंसरी प्रभारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही अगले आदेश तक उनका वेतन रोकने के भी निर्देश दिए।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डीसी की सख्ती के बाद अस्पताल प्रशासन में पूरे दिन हलचल बनी रही। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को इलाज और दवा उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version