रांची: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड सेंटर का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
मरीजों से सीधे बातचीत कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती और इलाज के लिए पहुंचे मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से इलाज की गुणवत्ता, अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उन्हें हो रही परेशानियों की जानकारी ली। मरीजों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान रांची के सिविल सर्जन, सदर डीएस सहित अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
